हिंदुस्तान कॉपर की बिक्री पेशकश को संस्थागत निवेशकों से मिला 240 प्रतिशत अभिदान

Ads

हिंदुस्तान कॉपर की बिक्री पेशकश को संस्थागत निवेशकों से मिला 240 प्रतिशत अभिदान

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 04:14 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 04:14 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) हिंदुस्तान कॉपर में छह प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने के लिए सरकार की बिक्री पेशकश (ओएफएस) को मंगलवार को संस्थागत निवेशकों की ओर से 240 प्रतिशत अभिदान मिला।

निवेशकों ने 3,700 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के शेयरों के लिए बोलियां लगाईं

संस्थागत निवेशकों के लिए 2.61 करोड़ शेयर आरक्षित थे जबकि उन्होंने दोपहर 3:10 बजे तक 7.09 करोड़ से अधिक शेयर के लिए बोलियां लगाईं। इस तरह पेशकश को 240 प्रतिशत अभिदान मिला। 517.46 रुपये प्रति शेयर की संकेतात्मक कीमत पर इन बोलियों का मूल्य 3,700 करोड़ रुपये से बैठता है।

बोली लगाने का समय शाम 3:30 बजे तक था। अंतिम आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं।

इस दो दिन के ओएफएस के जरिये सरकार हिंदुस्तान कॉपर के 5.80 करोड़ से अधिक शेयर या छह प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी। इसमें तीन प्रतिशत का ‘ग्रीनशू’ विकल्प भी शामिल है। शेयर की बिक्री 514 रुपये प्रति शेयर की न्यूनतम कीमत पर की जाएगी।

न्यूनतम कीमत हिंदुस्तान कॉपर के सोमवार के 573.55 रुपये के बंद भाव से 10.38 प्रतिशत कम है।

खुदरा निवेशकों के लिए बोली बुधवार को खुलेगी।

सरकार के पास वर्तमान में हिंदुस्तान कॉपर में 66.14 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में विनिवेश के जरिये 52,716 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

भाषा निहारिका अजय

अजय