हिंदुस्तान पावर ने उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा परियोजना के लिए 1,135 करोड़ रुपये का वित्त जुटाया

Ads

हिंदुस्तान पावर ने उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा परियोजना के लिए 1,135 करोड़ रुपये का वित्त जुटाया

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 02:50 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 02:50 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) निजी क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान पावर ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में अपनी 300 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना के लिए 1,135 करोड़ रुपये के वित्त की व्यवस्था पूरी कर ली है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि परियोजना का काम शुरू हो चुका है और यह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश की बढ़ती नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगी।

बयान के अनुसार, ‘‘हिंदुस्तान पावर ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में अपनी 435 मेगावाट पीक (एमडब्ल्यूपी)/300 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना के लिए वित्त की व्यवस्था पूरी कर ली है। भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) ने इस परियोजना के लिए 1,135 करोड़ रुपये के ऋण को मंजूरी दी है।’’

इस परियोजना के लिए हिंदुस्तान पावर का उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के साथ दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौता (पीपीए) है। कंपनी को यह परियोजना वर्ष 2025 में प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से मिली थी।

हिंदुस्तान पावर के चेयरमैन रतुल पुरी ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में 435 मेगावाट की सौर परियोजना हमारी नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। राज्य में ऊर्जा की मांग बढ़ रही है और नवीकरणीय ऊर्जा पर ध्यान भी बढ़ रहा है। इस स्तर की परियोजनाएं राज्य की स्वच्छ ऊर्जा क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह परियोजना भारत की बदलती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’

कंपनी के अनुसार, परियोजना से क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

भाषा

रमण अजय

अजय