तिरुवनंतपुरम, 13 जून (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत संचालित एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने शनिवार को ‘अमृत प्लस’ नाम से प्रीमियम दवा बिक्री शृंखला की शुरुआत की घोषणा की।
सार्वजनिक क्षेत्र की ‘मिनी रत्न’ कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस शृंखला के तहत दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों, पोषण उत्पादों, व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों और जीवनशैली से जुड़े स्वास्थ्य उत्पादों की व्यापक श्रृंखला उपलब्ध कराई जाएगी।
बयान के मुताबिक, एचएलएल लाइफकेयर की चेयरपर्सन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अनीता थम्पी ने गोवा में आयोजित एक समारोह में इस पहल की शुरुआत की।
कंपनी ने कहा कि ‘अमृत प्लस’ को उसके ‘किफायती दवा एवं विश्वसनीय चिकित्सा उत्पाद’ (अमृत) नेटवर्क के विस्तार के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य किफायती दरों, गुणवत्ता और आसान उपलब्धता पर ध्यान बनाए रखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवा खरीद अनुभव प्रदान करना है।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम