भारत के दोपहिया बाजार को लेकर आशान्वित हैं होंडा, ग्राहकों की जरूरत के अनुरूप नए मॉडल लाएगी

Ads

भारत के दोपहिया बाजार को लेकर आशान्वित हैं होंडा, ग्राहकों की जरूरत के अनुरूप नए मॉडल लाएगी

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 10:24 AM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 10:24 AM IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) जापान की प्रमुख वाहन कंपनी होंडा मोटर भारत के दोपहिया वाहन बाजार की दीर्घकालिक वृद्धि की संभावनाओं को लेकर आशान्वित है। कंपनी का मानना है कि व्यक्तिगत परिवहन की बढ़ती जरूरत, कार्यबल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और प्रीमियम वाहनों की बढ़ती मांग आने वाले वर्षों में उद्योग की वृद्धि को गति देती रहेगी।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) त्सुत्सुमु ओतानी ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि कंपनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप नए उत्पाद बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की दूसरी छमाही में त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए कई नए मॉडल पेश किए जाएंगे।

ओतानी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय दोपहिया उद्योग ने ग्रामीण मांग में सुधार, प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती बिक्री, निर्यात में मजबूती और सरकार की अनुकूल नीतियों के कारण शानदार प्रदर्शन किया। उनके अनुसार, चालू वित्त वर्ष में भी उद्योग की वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है, हालांकि, इसकी रफ्तार पिछले वर्ष की तुलना में कुछ धीमी रह सकती है।

उन्होंने कहा, ‘दीर्घावधि में हमें भारतीय दोपहिया बाजार की वृद्धि क्षमता पर पूरा विश्वास है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार, व्यक्तिगत परिवहन की बढ़ती आवश्यकता, कार्यबल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग उद्योग की वृद्धि को लगातार समर्थन देती रहेगी।’’

वाहन विनिर्माताओं के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 10.7 प्रतिशत बढ़कर 2,17,5,974 इकाई रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 1.96 करोड़ इकाई से कुछ अधिक रही थी।

ओतानी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में कंपनी का लक्ष्य टिकाऊ वृद्धि को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि वर्ष की पहली छमाही में घरेलू मांग मजबूत रहने और उद्योग की सकारात्मक परिस्थितियों के कारण बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि दूसरी छमाही का प्रदर्शन कई कारकों पर निर्भर करेगा। इनमें मानसून की स्थिति, जिसका असर ग्रामीण आय और मांग पर पड़ता है, तथा भू-राजनीतिक घटनाक्रम शामिल हैं, जो लॉजिस्टिक लागत, कच्चे माल की कीमतों और बाजार की धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।

नए उत्पादों की रणनीति पर ओतानी ने कहा कि कंपनी का ध्यान ऐसे उत्पाद पेश करने पर है, जो ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप हों और साथ ही घरेलू कारोबार तथा निर्यात दोनों को मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि भारत होंडा के लिए वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है और कंपनी बदलती बाजार परिस्थितियों तथा ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप दीर्घकालिक और टिकाऊ मूल्य सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इलेक्ट्रिक परिवहन की योजना पर ओतानी ने कहा कि यह होंडा की दीर्घकालिक रणनीति का अहम हिस्सा है। कंपनी बाजार की मांग और ईवी पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के अनुरूप अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो का विस्तार करने की तैयारी लगातार मजबूत कर रही है।

भाषा अजय अजय

अजय