आदित्य बिड़ला समूह ओडिशा में एलुमिना रिफाइनरी विस्तार पर अतिरिक्त 12,000 करोड़ रुपये निवेश करेगा

Ads

आदित्य बिड़ला समूह ओडिशा में एलुमिना रिफाइनरी विस्तार पर अतिरिक्त 12,000 करोड़ रुपये निवेश करेगा

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 09:00 PM IST

भुवनेश्वर, 11 जुलाई (भाषा) आदित्य बिड़ला समूह ने शनिवार को ओडिशा के रायगड़ा जिले के कंसारीगुड़ा में अपनी एलुमिना रिफाइनरी परियोजना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 12,000 करोड़ रुपये निवेश करने का प्रस्ताव रखा।

समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने यहां मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की। बैठक में ओडिशा में समूह के मौजूदा एवं प्रस्तावित निवेशों की प्रगति की समीक्षा की गई।

हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के माध्यम से कंपनी कंसारीगुड़ा में 8,000 करोड़ रुपये के निवेश से 10 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता की रिफाइनरी परियोजना पर काम कर रही है। प्रस्तावित विस्तार के तहत इसकी क्षमता 30 लाख टन हो जाएगी, जिससे कुल निवेश बढ़कर 20,000 करोड़ रुपये हो जाएगा।

कंपनी के अनुसार, यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रोजगार के अवसर सृजित करेगी और सहायक उद्योगों को बढ़ावा देगी।

मुख्यमंत्री माझी ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य की खनिज संपदा का उपयोग मूल्य संवर्धन, उन्नत विनिर्माण और गुणवत्तापूर्ण रोजगार सृजन के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एल्यूमिनियम इस दृष्टि का प्रमुख हिस्सा है और ओडिशा पूरी आपूर्ति शृंखला में वैश्विक प्रतिस्पर्धी परिवेश विकसित करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए भूमि, बुनियादी ढांचे और आवश्यक स्वीकृतियों में पूरा सहयोग देगी।

बैठक में एल्यूमिनियम, रसायन, सीमेंट, नवीकरणीय ऊर्जा, वस्त्र और अन्य क्षेत्रों में समूह के निवेश पर भी चर्चा हुई। साथ ही तांबा परिष्करण, पेंट, आभूषण निर्माण और उन्नत एल्यूमिनियम उत्पादों में संभावित निवेश के अवसरों पर भी विचार किया गया।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम