विमानन बुनियादी ढांचा के विस्तार से आतिथ्य क्षेत्र को मिल रहा बल
विमानन बुनियादी ढांचा के विस्तार से आतिथ्य क्षेत्र को मिल रहा बल
नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) भारत में तेजी से बढ़ते विमानन बुनियादी ढांचे के कारण आतिथ्य क्षेत्र की रफ्तार भी बढ़ रही है। बढ़ते हवाई यातायात, बेहतर क्षेत्रीय संपर्क और नए शहरी गलियारों के विकास के बीच प्रमुख होटल श्रृंखलाएं हवाई अड्डों से जुड़ी संपत्तियों में निवेश बढ़ा रही हैं।
होटल उद्योग के अधिकारियों के अनुसार नये हवाई अड्डों की संख्या में वृद्धि और दूसरी तथा तीसरी श्रेणी के शहरों के साथ बेहतर संपर्क से हवाई अड्डों के पास स्थित होटलों के लिए मजबूत गति पैदा हो रही है। ये होटल मुख्य रूप से व्यावसायिक यात्रियों, इन शहरों से होकर गुजर रहे यात्रियों, एयरलाइन चालक दल और एमआईसीई (बैठक, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनी) के लिए आने वालों की जरूरतों को पूरा करते हैं।
रेडिसन होटल ग्रुप के दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) निखिल शर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जैसे-जैसे भारत हवाई अड्डा बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी ला रहा है, एयरपोर्ट होटल उच्च-वृद्धि वाले खंड के रूप में उभर रहे हैं।
शर्मा ने कहा, ”भारत में हवाई अड्डा बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार, एयरपोर्ट होटलों को आतिथ्य क्षेत्र में एक उच्च-वृद्धि वाले खंड के रूप में स्थापित कर रहा है।”
शैले होटल्स लिमिटेड के सीओओ गौरव सिंह ने कहा कि हवाईअड्डा बुनियादी ढांचे का विस्तार उभरते गंतव्यों तक पहुंच में सुधार करके आतिथ्य की मांग को बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क से न केवल पर्यटन की मांग बढ़ रही है, बल्कि कॉरपोरेट और एमआईसीई खंड भी उन शहरों में बढ़ रहा है, जो पहले केवल छुट्टियों के लिए जाने जाते थे।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


