चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाए : राज्यपाल पटेल

Ads

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाए : राज्यपाल पटेल

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 09:09 PM IST

मेरठ (उप्र), 22 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विश्वविद्यालय में बाहर से भोजन लाने की अनुमति न दें, क्योंकि इससे अवांछित और प्रतिबंधित वस्तुएं परिसर में लाए जाने की आशंका रहती है।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह के दौरान अपने संबोधन में विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार के नशे के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि परिसर पूरी तरह नशामुक्त होना चाहिए।

‘जन भवन’ (पूर्व में राज भवन) द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक पटेल ने परिसर को नशामुक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा, ”विश्वविद्यालय में बाहर से भोजन लाने की अनुमति न दी जाए, क्योंकि इसके माध्यम से अवांछित एवं प्रतिबंधित वस्तुएं परिसर में लाए जाने की आशंका रहती है।”

उन्होंने कहा कि नशे के कारण विशेष रूप से महिलाएं असुरक्षित और परेशान होती हैं, इसलिए इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

राज्यपाल ने छात्रों से हमेशा नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि मादक पदार्थों का सेवन किसी भी समस्या का समाधान नहीं है; बल्कि वे धीरे-धीरे किसी व्यक्ति के सपनों, हुनर और सेहत के साथ-साथ उनके परिवार की उम्मीदों को भी खत्म कर देते हैं।

पटेल ने कहा कि जिस दिन कोई युवा नशे की लत का शिकार होता है, उस दिन उनके माता-पिता के सालों के त्याग, शिक्षकों की कड़ी मेहनत और देश की उम्मीदों को झटका लगता है।

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब