मुंबई, 11 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को राज्य को वर्ष 2047 तक पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि राज्य ने विकसित महाराष्ट्र 2047 दृष्टिकोण अपनाया है, जिसके तहत 2030 तक एक हजार अरब डॉलर, 2035 तक दो हजार अरब डॉलर और 2047 तक पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र मानव पूंजी को राज्य की सबसे बड़ी संपत्ति मानते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण और समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में आकांक्षी जिलों की संख्या चार से बढ़ाकर 10 और आकांक्षी तालुकों की संख्या 27 से बढ़ाकर 177 कर दी गई है, ताकि मानव विकास सूचकांकों में सुधार किया जा सके।
कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र का स्टार्टअप, उद्यमिता और नवाचार नीति 2025 के तहत अगले पांच वर्षों में 1.25 लाख उद्यमियों को तैयार करने और 50,000 स्टार्टअप को समर्थन देने का लक्ष्य है।
भाषा योगेश अजय
अजय