नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी फिजिक्सवाला को आकलन वर्ष 2023-24 के लिए 263.34 करोड़ रुपये की आयकर मांग को लेकर नोटिस मिला है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि आयकर विभाग ने उस अवधि के दौरान निवेशकों से प्राप्त निवेश को ‘कर योग्य आय’ माना है। इसमें भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास पंजीकृत श्रेणी-2 वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) से प्राप्त कोष भी शामिल हैं, जिसके आधार पर यह कर की मांग की गई है।
कंपनी इस निर्धारण आदेश को चुनौती देने की योजना बना रही है। फिजिक्सवाला ने कहा, ‘‘शुरुआती मूल्यांकन के आधार पर कंपनी का मानना है कि उसके पास उपयुक्त अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष अपील दायर करने के लिए मजबूत कानूनी और तथ्यात्मक आधार हैं।’’
फिजिक्सवाला का एकीकृत लाभ दिसंबर तिमाही में करीब 33 प्रतिशत बढ़कर 102.27 करोड़ रुपये रहा।
इस दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व भी सालाना आधार पर 33 प्रतिशत बढ़कर 1,082.41 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 809.67 करोड़ रुपये था।
भाषा सुमित रमण
रमण