लोगों का जीवन आसान बनायें आयकर अधिकारी, कर चोरी रोकने को प्रौद्योगिकी का उपयोग करें: सीतारमण
लोगों का जीवन आसान बनायें आयकर अधिकारी, कर चोरी रोकने को प्रौद्योगिकी का उपयोग करें: सीतारमण
नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आयकर अधिकारियों से करदाताओं का जीवन आसान बनाने और जानबूझकर कर चोरी करने वालों को पकड़ने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने को कहा।
उन्होंने ‘प्रारंभ 2026: आयकर अधिनियम, 2025 पर राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान’ को संबोधित करते हुए भरोसा जताया कि एक अप्रैल से प्रभावी होने वाला आयकर अधिनियम, 2025 निश्चित रूप से भारत को एक कर-अनुकूल देश बनाएगा।
सीतारमण ने कहा, ”कर भुगतान को इतना आसान बनाएं कि ईमानदारी स्वाभाविक विकल्प बन जाए। लेकिन जो जानबूझकर चोरी कर रहे हैं, जो जानबूझकर बचने की कोशिश कर रहे हैं, तकनीक उन्हें पकड़ लेगी। यदि आप ईमानदार हैं, तो व्यवस्था आपका जीवन आसान बना देगी, लेकिन यदि आप चोरी करते हैं, तो व्यवस्था आपको ढूंढ लेगी। यह संदेश करदाताओं तक जाना चाहिए।”
संसद ने 12 अगस्त, 2025 को छह दशक पुराने आयकर अधिनियम, 1961 को बदलने के लिए एक नया आयकर विधेयक पारित किया था। इसमें किसी नयी कर दर का प्रावधान नहीं है, और सिर्फ कानून की भाषा को आसान बनाया गया है।
सीतारमण ने कर अधिकारियों से नए कर कानूनों के बारे में स्थानीय भाषाओं में लोगों को शिक्षित करने के लिए पूरे भारत में जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि मुकदमेबाजी को तेजी से कम करने की कोशिश की जानी चाहिए।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


