भारत, चिली ने व्यापार समझौते पर वार्ता की प्रगति की समीक्षा की

भारत, चिली ने व्यापार समझौते पर वार्ता की प्रगति की समीक्षा की

भारत, चिली ने व्यापार समझौते पर वार्ता की प्रगति की समीक्षा की
Modified Date: May 13, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: May 13, 2026 7:29 pm IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) भारत और दक्षिण अमेरिकी देश चिली ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर जारी वार्ताओं की प्रगति की बुधवार को समीक्षा की और इसे जल्द अंतिम रूप देने के तौर-तरीकों पर चर्चा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, चिली के विदेश मामलों के मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज मैक्केना ने वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल से मुलाकात की।

चिली के मंत्री यहां एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) को जल्द अंतिम रूप देने के तौर-तरीकों पर चर्चा के अलावा दोनों पक्षों ने कारोबार सुगमता, बाजार पहुंच, निवेश प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि कारोबार, बुनियादी ढांचा, दवा, डिजिटल सेवाएं, लॉजिस्टिक और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की।

भारत और चिली ने 2006 में तरजीही व्यापार समझौता (पीटीए) लागू किया था। अब दोनों देश इसके दायरे का विस्तार कर व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (सीईपीए) करने पर बातचीत कर रहे हैं।

चिली के साथ प्रस्तावित सीईपीए का उद्देश्य मौजूदा पीटीए को और व्यापक बनाना है। इसमें डिजिटल सेवाएं, निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों को शामिल करने की योजना है।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में