मुंबई, 12 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को आर्थिक सुस्ती की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि बार-बार नरमी आने की भविष्यवाणी के बावजूद भारत दुनिया में सबसे तेजी से वृद्धि कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के 12 साल पूरा होने पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फडणवीस ने कहा कि आर्थिक सुस्ती की बात करने वालों को देश के प्रदर्शन ने गलत साबित कर दिया है।
उन्होंने कहा, “लोग लगातार मंदी की बात करते रहे, लेकिन भारत की आर्थिक वृद्धि दर दुनिया में सबसे अधिक है और देश सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है।”
जनवरी-मार्च तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में अर्थव्यवस्था 7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी।
फडणवीस ने कहा, ‘भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और इसका आकार 4.5 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक हो गया है। इस तरह भारत पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।’
मुख्यमंत्री ने विदेशी क्षेत्र की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि देश के पास करीब 66 लाख करोड़ रुपये का विदेशी मुद्रा भंडार है, जो 11 महीने के आयात को कवर करने के लिए पर्याप्त है।
उन्होंने कहा, ‘एक ऐसा समय था जब भारत की विदेशी ऋण चुकाने की क्षमता पर सवाल उठते थे और अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष एवं विश्व बैंक की मदद की जरूरत पड़ती थी। इसके विपरीत आज भारत के पास एक दिन में अपने 94 प्रतिशत विदेशी कर्ज का भुगतान करने की क्षमता है।’
फडणवीस ने कहा कि भारत डिजिटल लेनदेन के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी बन चुका है और सालाना डिजिटल भुगतान 314 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि एकीकृत भुगतान प्रणाली यूपीआई को करीब 30 देशों में अपनाया जा रहा है।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण