बेंगलुरु, 12 जून (भाषा) केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार विनिर्माण आधारित वृद्धि को पुरजोर बढ़ावा दे रही है जिससे देश के औद्योगिक बदलाव के लिए एक मजबूत नींव तैयार हुई है।
बेंगलुरु में केंद्रीय विनिर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान (सीएमटीआई) के 65वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री ने विनिर्माण और अनुसंधान परिवेश को मजबूत करने पर सरकार के निरंतर ध्यान को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को महत्वपूर्ण रूप से गति दी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने औद्योगिक अनुसंधान, नवाचार और प्रौद्योगिकीय प्रगति को असाधारण प्राथमिकता दी है।
कुमारस्वामी ने कहा, ‘ऐसे समय में जब इंजीनियरिंग और डिप्लोमा स्नातकों के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर अक्सर चिंताएं व्यक्त की जाती हैं, सरकार ने सक्रिय रूप से एक ऐसा मजबूत परिवेश बनाने के लिए काम किया है जो तकनीकी रूप से योग्य युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाला, कौशल-आधारित रोजगार पैदा करता है।’
उन्होंने सीएमटीआई को भारत के सबसे प्रतिष्ठित औद्योगिक अनुसंधान संस्थानों में से एक बताते हुए कहा कि इस संस्थान ने अंतरिक्ष और रक्षा सहित रणनीतिक क्षेत्रों के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों और उपकरणों को विकसित करके महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कुमारस्वामी ने कहा कि केंद्र सरकार आने वाले वर्षों में सीएमटीआई के विस्तार की योजना बना रही है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ की परिकल्पना के अनुरूप सरकार संस्थान की क्षमता बढ़ाने और देशभर में उसकी पहुंच का विस्तार करने के लिए अधिक वित्तीय और संस्थागत सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा योगेश रमण
रमण