वैश्विक एआई परिदृश्य में भारत ने मजबूत स्थिति दर्ज कराईः सुनील मित्तल

Ads

वैश्विक एआई परिदृश्य में भारत ने मजबूत स्थिति दर्ज कराईः सुनील मित्तल

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 08:06 PM IST

(तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील मित्तल ने बुधवार को कहा कि भारत ने ‘वैश्विक दक्षिण’ के लिए पहला एआई शिखर सम्मेलन आयोजित कर कृत्रिम मेधा (एआई) के वैश्विक परिदृश्य में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज की है।

मित्तल ने यहां आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के इतर पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि यह अब तक विश्व में आयोजित सबसे प्रभावशाली एआई सम्मेलनों में से एक है।

उन्होंने कहा कि पिछले एआई शिखर सम्मेलन के मेजबान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी इस आयोजन की सराहना की है।

मित्तल ने कहा, “यह दुनिया में आयोजित सबसे शक्तिशाली सम्मेलनों में से एक है। इससे एआई के वैश्विक परिदृश्य में भारत की स्थिति और मजबूत हुई है।”

उन्होंने कहा कि भारती एयरटेल संप्रभु क्लाउड से जुड़ी पहल के जरिये एआई क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। संप्रभु क्लाउड ऐसी डेटा अवसंरचना है, जिसमें किसी देश का डेटा उसी देश के भीतर संग्रहीत और संसाधित किया जाता है।

भारती एयरटेल, भारत और 14 अफ्रीकी देशों में परिचालन करने वाली प्रमुख दूरसंचार कंपनियों में से एक है और अब कंपनी अपने डेटा सेंटर कारोबार के विस्तार पर जोर दे रही है।

मित्तल ने कहा कि एयरटेल ने इस खंड में अपनी बाजार हिस्सेदारी को दोगुना कर 25 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। साथ ही, कंपनी अगले तीन से चार साल में अपनी डेटा सेंटर क्षमता को भी लगभग 120 मेगावाट से बढ़ाकर एक गीगावाट (1,000 मेगावाट) तक ले जाने की योजना बना रही है।

उन्होंने कहा कि यह विस्तार एआई और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए किया जा रहा है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय