इंदौर के अस्पताल में चूहों के बाद पाई गई बिल्ली, ठेकेदार पर जुर्माना

Ads

इंदौर के अस्पताल में चूहों के बाद पाई गई बिल्ली, ठेकेदार पर जुर्माना

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 08:59 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 फरवरी (भाषा) इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में बिल्ली की चहलकदमी का वीडियो सामने आने से हुई फजीहत के बाद अस्पताल प्रशासन ने बृहस्पतिवार को एक ठेकेदार एजेंसी पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया और बिल्ली को पकड़ने के लिए पिंजरा रखवाया।

इस घटना ने शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाईएच) की व्यवस्थाओं पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले साल एमवाईएच की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में कथित तौर पर चूहों के हमले के बाद दो नवजात बच्चियों की मौत हो गई थी।

एमवाईएच को प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में गिना जाता है।

एमवाईएच के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में 17 फरवरी को बिल्ली देखी गई थी और घटना को गंभीरता से लेते हुए इस जानवर को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया, ‘‘हमने एमवाईएच के कैंटीन क्षेत्र में बिल्ली पकड़ने के लिए पिंजरा भी रखवाया है।’’

यादव ने बताया कि अस्पताल परिसर की स्वच्छता और व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने के कारण ठेकेदार एजेंसी एचएलएल पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

यादव के मुताबिक अस्पताल परिसर में बिल्ली ने किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया है और सभी मरीजों की दवाइयां पूरी तरह सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों से कहा गया है कि वे बाहर से खाने-पीने का सामान लेकर एमवाईएच में न आएं और अस्पताल परिसर में खाद्य सामग्री न फेंकें क्योंकि ये चीजें चूहों, बिल्लियों और कुत्तों को आकर्षित करती हैं।

भाषा हर्ष

शफीक

शफीक