चीन में वैश्विक कौशल प्रतियोगिता में भारत ले रहा है 63 श्रेणियों में हिस्सा
चीन में वैश्विक कौशल प्रतियोगिता में भारत ले रहा है 63 श्रेणियों में हिस्सा
बीजिंग/शंघाई, 23 सितंबर (भाषा) चीन में आयोजित 48वीं वैश्विक कौशल प्रतियोगिता (वर्ल्डस्किल्स) में भारत अपने अबतक के सबसे बड़े 70 सदस्यीय दल के साथ हिस्सा ले रहा है। भारतीय दल (स्किल इंडिया) प्रतियोगिता के 64 में से 63 कौशल श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहा है, जिनमें 11 श्रेणियां पहली बार शामिल हैं।
यह द्विवार्षिक प्रतियोगिता व्यावसायिक शिक्षा और कौशल उत्कृष्टता का सबसे बड़ा वैश्विक मंच है, जहां युवा पेशेवर अपने तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हैं और वैश्विक मानकों पर प्रतिस्पर्धा करते हैं।
इस वर्ष यह प्रतियोगिता 22 से 27 सितंबर तक शंघाई में आयोजित की जा रही है।
आयोजकों के अनुसार, 68 देशों और क्षेत्रों के करीब 1,385 प्रतिभागी 64 कौशल श्रेणियों की स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।
शंघाई में भारतीय महावाणिज्यदूत प्रतीक माथुर ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “वैश्विक कौशल प्रतियोगिता में हमारी अबतक की सबसे बड़ी भारतीय टीम को देखकर खुशी हो रही है।”
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार, टीम ‘स्किल इंडिया’ 11 नयी कौशल श्रेणियों में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। इनमें डेंटल प्रोस्थेटिक्स, मानव रहित हवाई प्रणाली, विमान रखरखाव, सॉफ्टवेयर परीक्षण और खुदरा बिक्री शामिल हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, चीन ने 71 प्रतिभागियों को मैदान पर उतारा है।
‘मास्टर स्किल्स, चेंज योर फ्यूचर’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता के साथ वैश्विक कौशल सम्मेलन 2026 और ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 एक्सपो’ का भी आयोजन किया जा रहा है।
चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने बुधवार को वैश्विक कौशल सम्मेलन 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कौशल विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान और सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


