भारत, ब्रिटेन के बीच लंबित व्यापार मुद्दों पर बातचीत जारीः अधिकारी

भारत, ब्रिटेन के बीच लंबित व्यापार मुद्दों पर बातचीत जारीः अधिकारी

भारत, ब्रिटेन के बीच लंबित व्यापार मुद्दों पर बातचीत जारीः अधिकारी
Modified Date: June 8, 2026 / 07:22 pm IST
Published Date: June 8, 2026 7:22 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लागू करने के लिए दोनों देशों के बीच लंबित मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ रही है और इसमें अच्छी प्रगति हुई है। एक सरकारी अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि दोनों देशों के बीच एफटीए से संबंधित कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा जारी है जिनमें ब्रिटेन के इस्पात सुरक्षा-उपाय और कार्बन कर व्यवस्था शामिल हैं।

इन मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने से व्यापार समझौता अभी लागू नहीं हो पाया है। दोनों देशों ने 24 जुलाई, 2025 को व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस बारे में बातचीत अच्छी चल रही है। तीन लंबित मुद्दों में से एक पर सहमति बन चुकी है, जबकि बाकी दो मुद्दों पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को प्रस्ताव एवं सवाल दिए हैं। दोनों पक्ष समाधान निकालने की प्रक्रिया में हैं।’’

जब उनसे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की लंदन यात्रा की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर मुद्दे सुलझ जाते हैं तो इसकी संभावना हो सकती है।

भारत और ब्रिटेन के बीच संयुक्त आर्थिक एवं व्यापार समिति (जेटको) की बैठक इस महीने के अंत में होने की उम्मीद है।

ब्रिटेन ने इस साल एक जुलाई से इस्पात आयात पर नई व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई है, जिसके तहत शुल्क-मुक्त आयात की मात्रा 60 प्रतिशत तक घटाई जाएगी और तय सीमा से अधिक आयात पर 50 प्रतिशत शुल्क लगेगा।

इसके अलावा, 2027 से ब्रिटेन में कार्बन कर प्रणाली लागू होने की संभावना है, जिसका असर भारत के इस्पात, एल्युमीनियम एवं अन्य उत्पादों के निर्यात पर पड़ सकता है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में