नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, जो द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों की एक से चार जून तक चली चार-दिवसीय बातचीत के समापन के बाद यह बयान जारी किया गया।
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ‘बातचीत सहयोग और व्यावहारिकता की भावना के साथ हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाले समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराई।’
बयान के मुताबिक, दोनों देशों के व्यापार दलों ने वस्तु व्यापार, गैर-शुल्क उपायों, सीमा शुल्क, व्यापार सुगमता, आर्थिक सुरक्षा समन्वय और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर रचनात्मक एवं सकारात्मक चर्चा की।
भारत और अमेरिका एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस समझौते की रूपरेखा इस साल फरवरी में जारी की गई थी।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण