भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर उचित समय पर होंगे हस्ताक्षर: वाणिज्य सचिव अग्रवाल

Ads

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर उचित समय पर होंगे हस्ताक्षर: वाणिज्य सचिव अग्रवाल

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 06:23 PM IST

मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता लगभग अंतिम रूप ले चुका है और कुछ मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।

उन्होंने कहा कि समझौते पर उचित समय पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। किसी भी व्यापार समझौते में दोनों देशों को एक-दूसरे के बाजार में कुछ विशेष रियायतें देना जरूरी होता है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता लगभग अंतिम रूप ले चुका है। दोनों पक्ष कुछ मुद्दों पर अभी बातचीत कर रहे हैं और उचित समय पर समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापार समझौते में दोनों देशों को एक-दूसरे के बाजार में कुछ विशेष रियायत के साथ प्रवेश देना जरूरी होता है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘भारत की ओर से यह करना आसान है, क्योंकि वह सर्वाधिक तरजीही राष्ट्र के आधार पर शुल्क लगाता है। अमेरिका की शुल्क व्यवस्था अलग है। वहां कार्यकारी फैसलों के आधार पर शुल्क लगाए जा रहे हैं। इसलिए अमेरिका ऐसी व्यवस्था तैयार कर रहा है, जिससे दोनों देशों के शुल्क में अंतर पैदा हो और भारत को विशेष बाजार पहुंच मिल सके। उचित समय आने पर दोनों देश समझौते पर हस्ताक्षर कर सकेंगे।’’

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार भी बढ़ रहा है।

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल में कहा था कि अमेरिका द्वारा भारत को उसके प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर शुल्क शर्तें देने के बाद ही द्विपक्षीय व्यापार समझौते का ब्योरा घोषित किया जाएगा।

अमेरिका को भारत का वस्तु निर्यात अप्रैल-जुलाई 2026-27 के दौरान तीन प्रतिशत बढ़कर 34.5 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 22.42 प्रतिशत बढ़कर 22.12 अरब डॉलर रहा।

भारत और अमेरिका ने फरवरी में समझौते के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका की शुल्क व्यवस्था में बदलाव के बाद दोनों देशों के बीच इस समझौते को लेकर आगे बातचीत शुरू हुई।

गोयल सितंबर के अंत में अमेरिका जाएंगे। वह मिलवॉकी में होने वाली जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

अग्रवाल ने यह भी कहा कि भारत और चिली के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। कुछ मुद्दों पर दोनों पक्ष फिलहाल सहमति नहीं बना पाए हैं, लेकिन अगले दो-तीन महीनों में समाधान निकलने की उम्मीद है।

भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के बारे में अग्रवाल ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार समझौता अक्टूबर से लागू होने की उम्मीद है। दोनों देशों ने 27 अप्रैल को इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

भाषा रमण अजय

अजय