भारतीय विमानन बाजार में दीर्घकालिक वृद्धि के अवसर मौजूदः स्टार अलायंस सीईओ

भारतीय विमानन बाजार में दीर्घकालिक वृद्धि के अवसर मौजूदः स्टार अलायंस सीईओ

भारतीय विमानन बाजार में दीर्घकालिक वृद्धि के अवसर मौजूदः स्टार अलायंस सीईओ
Modified Date: June 8, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: June 8, 2026 5:29 pm IST

(मनोज राममोहन)

रियो डी जेनेरियो, आठ जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस समूह ‘स्टार अलायंस’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) थियो पनेजियोटूलियास ने कहा है कि भारत दीर्घकालिक अवसर प्रदान करता है और एयर इंडिया देश के तेजी से बढ़ते विमानन बाजार में वृद्धि का लाभ उठाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

पनेजियोटूलियास ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में कहा कि प्रीमियम अवकाश यात्रा की मांग वैश्विक स्तर पर कोविड-19 महामारी के बाद से तेजी से बढ़ी है और भारत में भी यह रुझान दिख रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले प्रीमियम यात्रा मुख्य रूप से कारोबारी यात्रियों तक सीमित थी, लेकिन अब अवकाश यात्रा करने वाले यात्री भी बेहतर सेवाओं के लिए अधिक खर्च करने को तैयार हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस मांग को देखते हुए कई सदस्य एयरलाइंस अपने विमानों में प्रीमियम श्रेणी की सीटों की संख्या बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में बढ़ता मध्यम वर्ग प्रीमियम यात्रा की मांग से सीधे तौर पर जुड़ा है और यह रुझान आगे भी जारी रहने की संभावना है।

स्टार अलायंस 26 एयरलाइंस का समूह है, जिसमें भारत की एयर इंडिया भी शामिल है।

एयर इंडिया के बारे में उन्होंने कहा कि कंपनी भारतीय विमानन बाजार की वृद्धि का लाभ उठाने की दिशा में काम कर रही है और भारतीय बाजार दीर्घकालिक वृद्धि के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

टाटा समूह द्वारा जनवरी, 2022 में अधिग्रहीत किए जाने के बाद एयर इंडिया में व्यापक बदलाव की प्रक्रिया चल रही है।

इस पर पनेजियोटूलियास ने कहा कि किसी भी बड़े बदलाव के दौरान चुनौतियां आती हैं, लेकिन एयरलाइन प्रगति कर रही है और उसे अलायंस का पूरा समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि अलायंस एक दीर्घकालिक परियोजना पर काम कर रहा है, जिसमें प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर अप्रत्याशित या बाधित उड़ान संचालन की स्थिति में यात्रियों को सदस्य एयरलाइंस में दोबारा बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य उड़ान व्यवधानों का यात्रियों पर पड़ने वाले प्रभाव को यथासंभव कम करना है।

स्टार अलायंस की वेबसाइट के मुताबिक, उसके व्यापक नेटवर्क के जरिये यात्रियों को 190 देशों के 1,150 से अधिक हवाई अड्डों तक पहुंच मिलती है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में