भारतीय ई-कॉमर्स निर्यात दो-तीन साल में 10 अरब डॉलर और बढ़ने की संभावना: डीजीएफटी

Ads

भारतीय ई-कॉमर्स निर्यात दो-तीन साल में 10 अरब डॉलर और बढ़ने की संभावना: डीजीएफटी

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 10:06 PM IST

मुंबई, 29 जून (भाषा) भारत के ई-कॉमर्स निर्यात में अगले दो-तीन साल में 10 अरब अमेरिकी डॉलर तक की और वृद्धि की संभावना है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के अतिरिक्त निदेशक राजेश कुमार मिश्रा ने सोमवार को यह बात कही।

मिश्रा ने कहा कि चीन का ई-कॉमर्स निर्यात लगभग 300 अरब डॉलर सालाना है और भारत अपनी क्षमताओं तथा कुछ सुधारों के साथ इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ सकता है।

उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ई-कॉमर्स के जरिये 10 अरब डॉलर या उससे अधिक का अतिरिक्त निर्यात संभव है, क्योंकि भारत एक बड़ा देश है और यहां बड़ी संख्या में एमएसएमई हैं, जिनमें गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बनाने की क्षमता है।’’

मिश्रा ने कहा कि ई-कॉमर्स भारतीय निर्माताओं और छोटे निर्यातकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि देश का विशाल एमएसएमई परिवेश इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन मंच और लॉजिस्टिक नेटवर्क का बेहतर उपयोग कर छोटे पार्सल को कम लागत में विदेश भेजा जा सकता है। इसमें भारत पोस्ट जैसी सरकारी डाक सेवाओं की भूमिका अहम हो सकती है।

मिश्रा ने मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर कहा कि एमएसएमई को इन समझौतों से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए अभी से तैयारी करनी होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘एफटीए का लाभ लेने के लिए उत्पादकों और निर्यातकों को काफी तैयारी करनी होती है, यह सभी हितधारकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण क्षेत्र है।’’

भाषा योगेश अजय

अजय