मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 21 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 12.42 अरब डॉलर बढ़कर 729.33 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसके एक सप्ताह पहले विदेशी मुद्रा भंडार 9.90 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर रहा था।
इससे पहले भारत के विदेशी मुद्रा भंडार का रिकॉर्ड 728.49 अरब डॉलर था, जो 27 फरवरी, 2026 को समाप्त सप्ताह में दर्ज किया गया था।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 21 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) 9.48 अरब डॉलर बढ़कर 591.33 अरब डॉलर हो गईं।
विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में रखी परिसंपत्तियों के मूल्य में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल होता है।
केंद्र सरकार और आरबीआई ने देश में विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने के लिए पिछले महीने कई उपाय किए थे। इनमें एफसीएनआर(बी) जमा से जुड़ी पहल भी शामिल है। रियायती अदला-बदली उपायों के तहत अब तक देश को 72 अरब डॉलर मिल चुके हैं।
समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.80 अरब डॉलर बढ़कर 114.22 अरब डॉलर हो गया।
विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 11.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.85 अरब डॉलर हो गया।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत के जमा भंडार की स्थिति भी 2.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.92 अरब डॉलर हो गई।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण