नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय अंडर-17 महिला टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप 2027 क्वालीफायर की तैयारियों के तहत गोवा में फिलीपींस के खिलाफ 26 और 29 सितंबर को दो मैत्री मैच खेलेगी।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दोनों मैचों के आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी। इस उम्र वर्ग में भारत और फिलीपींस के बीच यह केवल दूसरी भिड़ंत होगी।
दक्षिण-पूर्व एशियाई टीम ने 2017 एएफसी अंडर-16 महिला चैंपियनशिप क्वालीफायर में भारत को 2-0 से हराया था।
जोआकिम एलेक्जेंडरसन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम फिलहाल ताशकंद में मेजबान उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो मैत्री मैच खेल रही है। बृहस्पतिवार को पहला मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा जबकि दूसरा मैच रविवार को खेला जाएगा।
फिलीपींस के खिलाफ होने वाले ये मुकाबले भारतीय टीम के लिए आखिरी मैत्री मैच होंगे। इसके बाद टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप चीन 2027 क्वालीफायर के लिए मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर रवाना होगी।
क्वालीफायर मुकाबले पांच से 11 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।
भारत अपने अभियान की शुरुआत पांच अक्टूबर को इराक के खिलाफ करेगा। इसके बाद आठ अक्टूबर को सीरिया और 11 अक्टूबर को मेजबान मलेशिया से भिड़ेगा।
चीन के सूझोउ में पिछले चरण में पहली बार नॉकआउट चरण में पहुंचने के बाद भारतीय टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी बार एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करना होगा।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द