इंडो-एमआईएम का शेयर पहले दिन के कारोबार में 53 प्रतिशत चढ़ा

इंडो-एमआईएम का शेयर पहले दिन के कारोबार में 53 प्रतिशत चढ़ा

इंडो-एमआईएम का शेयर पहले दिन के कारोबार में 53 प्रतिशत चढ़ा
Modified Date: July 30, 2026 / 05:01 pm IST
Published Date: July 30, 2026 5:01 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) इंजीनियरिंग कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी इंडो एमआईएम लिमिटेड का शेयर बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने निर्गम मूल्य 485 रुपये के मुकाबले करीब 53 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 703 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 44.94 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 56.18 प्रतिशत चढ़कर 757.50 रुपये पर पहुंच गया। अंतत: यह 52.94 प्रतिशत चढ़कर 741.80 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर शेयर 700 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य की तुलना में 44.32 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। कारोबार के अंत में यह 52.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 741.75 रुपये रहा।

कंपनी का बाजार पूंजीकरण 36,680.59 करोड़ रुपये रहा।

कारोबार की मात्रा के लिहाज से दिनभर में बीएसई पर कंपनी के 97.38 लाख शेयर और एनएसई पर 727.03 लाख शेयर का कारोबार हुआ।

इंडो-एमआईएम लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 72.34 गुना अभिदान मिला था।

बेंगलुरु स्थित कंपनी का आईपीओ 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों और 6.83 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण था। इसके लिए मूल्य दायरा 461-485 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

कंपनी नए निर्गम से प्राप्त 400 करोड़ रुपये का उपयोग कुछ बकाया ऋणों के अग्रिम भुगतान या पुनर्भुगतान के लिए करेगी। शेष राशि का उपयोग सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।

भाषा निहारिका अजय

अजय

निहारिका


लेखक के बारे में