रियल एस्टेट क्षेत्र में संस्थागत निवेश जनवरी-जून में रिकॉर्ड 4.1 अरब डॉलर पर: रिपोर्ट

Ads

रियल एस्टेट क्षेत्र में संस्थागत निवेश जनवरी-जून में रिकॉर्ड 4.1 अरब डॉलर पर: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 05:28 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) घरेलू और विदेशी निवेशकों की मजबूत भागीदारी के बीच भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र में संस्थागत निवेश जनवरी-जून छमाही के दौरान 58 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 4.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

अमेरिकी रियल एस्टेट सलाहकार फर्म वेस्टियन की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 के जनवरी-जून अवधि के दौरान इस क्षेत्र में 2.6 अरब डॉलर का संस्थागत निवेश आया था।

रियल एस्टेट क्षेत्र में संस्थागत निवेश अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान 49 प्रतिशत बढ़कर 2.7 अरब डॉलर हो गया।

कंपनी ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में कहा कि वर्ष 2026 की पहली छमाही (जनवरी-जून) में कुल निवेश 4.1 अरब डॉलर रहा, जो कोविड-19 महामारी के बाद किसी भी वर्ष की पहली छमाही में दर्ज अब तक का सर्वाधिक निवेश है।

वेस्टियन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीनिवास राव ने कहा, ‘‘जून तिमाही में भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र में संस्थागत निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इसका प्रमुख कारण घरेलू पूंजी निवेश में मजबूती और विदेशी निवेशकों की भागीदारी में आया सुधार रहा।’’

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2020 की पहली छमाही (जनवरी-जून) में रियल एस्टेट क्षेत्र में संस्थागत निवेश 1.4 अरब डॉलर रहा था। यह 2021 की समान अवधि में बढ़कर 3.3 अरब डॉलर और 2022 की पहली छमाही में 4.1 अरब डॉलर हो गया था।

इसके बाद 2023 की पहली छमाही में निवेश घटकर 2.8 अरब डॉलर रह गया, लेकिन 2024 की समान अवधि में यह बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम