नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी जबर्दस्त गिरावट के कारण निवेशकों की संपत्ति में 18.60 लाख करोड़ रुपये की भारी कमी आई है। पश्चिम एशिया में तनाव कम न होने और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल की वजह से बीएसई सेंसेक्स दो दिन में चार प्रतिशत से अधिक टूट गया है।
कमजोर वैश्विक रुख और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली ने भी घरेलू निवेशकों के भरोसे को डगमगा दिया है।
पिछले दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स ने कुल 3,325.9 अंक या 4.41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है।
सोमवार को 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,635.67 अंक यानी 2.22 प्रतिशत टूटकर 71,947.55 अंक पर बंद हुआ। इस गिरावट के साथ ही बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण दो दिन में 18,60,662.29 करोड़ रुपये घटकर 4,12,41,172.45 करोड़ रुपये रह गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुए पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद से केवल इसी महीने में सेंसेक्स 9,339.64 अंक यानी 11.48 प्रतिशत तक गिर चुका है।
भाषा सुमित अजय
अजय