नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) शेयर बाजार में तीन सत्र की गिरावट से निवेशकों की संपत्ति 7.17 लाख करोड़ रुपये कम हो गई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स तीन प्रतिशत से अधिक टूट गया।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने आपूर्ति बाधित होने की आशंकाओं को बढ़ा दिया है जिससे कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं। तीन सत्र में 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 2,609.12 अंक या 3.29 प्रतिशत टूटा।
सेंसेक्स शुक्रवार को 999.79 अंक या 1.29 प्रतिशत फिसलकर 76,664.21 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह 1,260.13 अंक या 1.62 प्रतिशत फिसलकर 76,403.87 तक चला गया था।
इन तीन सत्र में बीएसई में शामिल कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 7,17,476.54 करोड़ रुपये घटकर 4,61,49,758.18 करोड़ रुपये रह गया।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद ने कहा, ‘‘ पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने आपूर्ति व्यवधान की आशंकाओं को बढ़ा दिया है जिससे ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। भारत जैसी तेल आयात पर निर्भर अर्थव्यवस्था के लिए इसका मतलब मुद्रास्फीति का जोखिम, मुद्रा पर दबाव और सभी क्षेत्रों में मुनाफे में कमी है।’’
भाषा निहारिका
निहारिका