पश्चिम एशिया युद्ध शुरू होने के बाद से निवेशकों की संपत्ति 48.29 लाख करोड़ रुपये घटी

Ads

पश्चिम एशिया युद्ध शुरू होने के बाद से निवेशकों की संपत्ति 48.29 लाख करोड़ रुपये घटी

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 07:50 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 07:50 PM IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया युद्ध के 28 फरवरी को शुरू होने के बाद से शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 10.56 प्रतिशत नीचे आ गया है।

इस अवधि में बीएसई का सेंसेक्स 8,590.8 अंक यानी 10.56 प्रतिशत गिरा, जबकि एनएसई का निफ्टी 2,666 अंक या 10.58 प्रतिशत नीचे आया।

युद्ध शुरू होने के बाद से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 48.29 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज हुई और यह 415 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।

एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य संकट, रुपये पर लगातार दबाव, ऊंची ऊर्जा कीमतें और विदेशी निवेशकों द्वारा पूंजी की लगातार निकासी मिलकर नकारात्मक भावना पैदा कर रहे हैं।’

सोमवार को सेंसेक्स 1,836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत टूटकर 22,512.65 पर बंद हुआ।

भाषा योगेश अजय

अजय