आईटी शेयरों में गिरावट जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया का नतीजा, आईटीसी कर रही एआई का इस्तेमाल: पुरी

Ads

आईटी शेयरों में गिरावट जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया का नतीजा, आईटीसी कर रही एआई का इस्तेमाल: पुरी

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 06:04 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 06:04 PM IST

मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) विविध कारोबार वाले समूह आईटीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी ने बुधवार को कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में हुई तेज गिरावट जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी ने हमेशा एक सहायक की भूमिका निभाई है, और कंपनी उत्पादकता और दक्षता बढ़ाने के लिए एआई का इस्तेमाल करती है।

आईटी उद्योग के संगठन नैसकॉम द्वारा आयोजित वार्षिक एनटीएलएफ कार्यक्रम के मौके पर पुरी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘बाजार में जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया हुई। फिर इसका असर बढ़ता गया।’’

पुरी ने आगे कहा, ‘‘कई अनुप्रयोग हमें कारखाने और आपूर्ति श्रृंखला में दक्षता एवं उत्पादकता सुधारने में मदद कर रहे हैं। अब हम इन साधनों की मदद से कुछ ऐसे काम भी कर रहे हैं, जिन्हें पुराने माध्यमों से नहीं किया जा सकता था।’’

पुरी ने कहा कि प्रौद्योगिकी सेवा उद्योग ने अतीत में भी व्यवधान देखे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब आईटीसी ने वर्ष 2000 में वाई2के के समय इस उद्योग में प्रवेश करने का फैसला किया था, तब भी चिंताएं जताई गई थीं।

पुरी ने कहा कि कंपनी अपने सभी व्यवसायों में प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रही है। उन्होंने कृषि क्षेत्र का उदाहरण दिया जहां कंपनी वर्षों से बढ़ते तापमान के प्रभाव का आकलन करने के लिए मौसम के मिजाज का अध्ययन कर रही है।

निजी पूंजीगत व्यय में सुस्ती और आईटीसी की योजनाओं के बारे में पुरी ने कहा कि कंपनी ऐसे व्यवसायों में काम नहीं करती है, जहां भारी निवेश की आवश्यकता हो। उन्होंने साथ ही कहा कि मध्यम अवधि में कंपनी की 20,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कंपनी सही अवसर मिलने पर अधिग्रहण पर भी विचार करेगी।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय