रायपुर। CM Sai On Congress: छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ “धान का कटोरा” हमारे पुरखों के कठोर परिश्रम से बना है और वर्तमान सरकार राज्य को विकास की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल विनाश की राजनीति करती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस की सरकार रही, वहां भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने “दीमक की तरह” काम किया और संगठित सिंडीकेट के जरिए लूट का खेल खेला। जमीन से लेकर खनिज संसाधनों तक हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार हुआ। शराब, कोयला और डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) जैसे क्षेत्रों में भी अनियमितताएं सामने आईं।
CM Sai On Congress: साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय राज्य का राजस्व लगभग 5 हजार करोड़ रुपये था, जिसे उनकी सरकार ने दो वर्षों में बढ़ाकर 11 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया। खनिज क्षेत्र में भी दोगुने से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार का “कचरा साफ” किया है और बड़े मगरमच्छ भी जेल भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने “राजीव युवा मितान क्लब योजना” पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस योजना में केवल टी-शर्ट और टोपी पर खर्च किया गया, जबकि युवाओं के भविष्य को लेकर कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पीसीसी स्तर पर भ्रष्टाचार कर एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद किया गया।
बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए साय ने कहा कि वहां 40 वर्षों तक नक्सलवाद का दंश रहा, लेकिन अब सरकार नक्सलवाद को समाप्त कर विकास की गंगा बहा रही है। उन्होंने कहा कि हिड़मा की मां आज राज्य सरकार द्वारा खोले गए अस्पताल में इलाज करा रही हैं, जो बदलते हालात का उदाहरण है। मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी है।
सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस की बंदरबांट ने राम वन गमन पथ को नहीं छोड़ा। आप कहते है पेड़ कट रहा है। पेड़ नही कटेगा तो सड़क कैसे बनेगा? हवा में तो नहीं बनेगा। आपके सीएम भी बोले थे, बिजली चाहिए तो जंगल कटेगा ही। इसलिए विरोध करे तो मर्यादित होकर करें। 1.30 लाख पेड़ कटा है, तो 10 लाख पेड़ लगा भी है।