गोरखपुर (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) गोरखपुर में पिपराइच थानाक्षेत्र के बिजहरा गांव में 35 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर अपनी तीन वर्षीय सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि ग्रामीणों ने लगभग एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया गया एवं पुलिस के हवाला कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूजा ने लगभग एक महीने पहले त्रिवेणी मौर्य (40) से शादी की थी। पुलिस ने कहा कि मौर्य की पहली पत्नी, लक्ष्मी की दो साल पहले मृत्यु हो गई थी और पहली शादी से उसकी एक बेटी अदिति (तीन) थी।
पुलिस के मुताबिक यह वारदात मंगलवार देर रात पिपराइच थानाक्षेत्र के बिजहरा गांव में हुई।
मौर्य की शिकायत के अनुसार रात में करीब 11 बजे जब वह शौच करने घर से बाहर निकले तब उसकी अनुपस्थिति में, पूजा ने सो रही बच्ची को उठाया, उसे जमीन पर पटक दिया और उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उसकी गर्दन कट गई।
मौर्य ने पुलिस को बताया कि जब वह वापस लौटा तो उसने कमरे को खून से लथपथ पाया और शोर मचाया तथा उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, तभी आरोपी ने भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा, ‘ग्रामीणों ने उसका लगभग एक किलोमीटर तक पीछा किया तथा पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।’
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह परेशान थी क्योंकि उसका पति ‘अपनी बेटी को अधिक प्यार करता था।’
थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार