आईटीसी इन्फोटेक 1,330 करोड़ रुपये में हैपिएस्ट माइंड्स में 22.1 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी

आईटीसी इन्फोटेक 1,330 करोड़ रुपये में हैपिएस्ट माइंड्स में 22.1 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी

आईटीसी इन्फोटेक 1,330 करोड़ रुपये में हैपिएस्ट माइंड्स में 22.1 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी
Modified Date: August 31, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: August 31, 2026 8:11 pm IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) विविध कारोबारी क्षेत्रों में कार्यरत समूह आईटीसी लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी आईटीसी इन्फोटेक लगभग 1,330 करोड़ रुपये में हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज में 22.1 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। यह घोषणा ऐसे सौदे का हिस्सा है, जिसके तहत दोनों कंपनियों के विलय से एक अरब अमेरिकी डॉलर की दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी बनेगी।

आईटीसी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 3,36,61,700 इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण हैपिएस्ट माइंड्स के प्रवर्तक अशोक सूता और अशोक सूता मेडिकल रिसर्च एलएलपी से दो किस्तों में किया जाएगा। हिस्सेदारी खरीद के बाद, हैपिएस्ट माइंड्स का आईटीसी इन्फोटेक में विलय हो जाएगा।

विलय के बाद, आईटीसी लिमिटेड के पास संयुक्त इकाई में 73.4 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि हैपिएस्ट माइंड्स के शेयरधारकों के पास शेष 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी।

इस संयुक्त इकाई के पास 19,000 से अधिक पेशेवरों का कार्यबल होगा और इसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2027-28 तक एक अरब डॉलर के राजस्व के साथ ‘एआई-फर्स्ट’ (कृत्रिम मेधा आधारित) उद्यम बनना है।

विलय के बाद आईटीसी इन्फोटेक को बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव है।

आईटीसी लिमिटेड और आईटीसी इन्फोटेक के चेयरमैन संजीव पुरी ने कहा, ‘‘हमारी पूरक ताकतों, गहरी विषय विशेषज्ञता और भविष्य के लिए तैयार क्षमताओं का साथ विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में अत्याधुनिक समाधान प्रदान करने की हमारी क्षमता और मजबूत होगी।’’

भाषा पाण्डेय अजय

अजय


लेखक के बारे में