नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) विविध क्षेत्रों में कारोबार कर रहे आईटीसी समूह की इकाई योगा बार ने ‘योगा बेबी’ नाम से बच्चों के खान-पान के क्षेत्र में कदम रखा है। योगा बार ने शुक्रवार को यह घोषणा की।
कंपनी ने बयान में कहा कि योगा बेबी ब्रांड के अंतर्गत कंपनी ने दलिया मिश्रण को पांच प्रकारों में पेश किया है, जिनमें बाजरा, जई और रागी जैसे साबुत अनाज भी हैं। यह दादी-नानी से मिले पारंपरिक व्यंजनों से प्रेरित है।
योगा बार की सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुहासिनी संपत ने कहा कि उन्होंने ‘योगा बेबी’ को अपनी बेटी के लिए तैयार किया है।
उन्होंने कहा, “एक छोटी बच्ची की मां के रूप में मैं प्रत्येक भोजन के लिए सोच-विचार और सावधानीपूर्वक बनाई गई योजना को समझती हूं और उसकी सराहना करती हूं। दुर्भाग्य से, यह अक्सर छोटे बच्चे के साथ बिताए अनमोल पलों को छीन लेता है। योगा बेबी सुनिश्चित करेगा कि माता-पिता भोजन की योजना में कम समय दें और अपने बच्चों के साथ खूबसूरत यादें बनाने में अधिक समय लगाएं।”
आईटीसी ने इसी साल स्प्राउटलाइफ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (एसएफपीएल) का अधिग्रहण करने की घोषणा की थी। योगा बार ब्रांड का स्वामित्व एसएफपीएल के पास ही है।
भाषा अनुराग रमण
रमण