मुंबई, 29 जून (भाषा) वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को कहा कि इवेको को खरीदने के लिए ज्यादातर जरूरी मंजूरियां हासिल हो गई हैं और चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक यह सौदा पूरा होने की उम्मीद है।
चंद्रशेखरन ने कंपनी की दूसरी सालाना आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सौदा टाटा मोटर्स के वैश्विक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम रणनीतिक कदम है।
टाटा मोटर्स ने जुलाई, 2025 में इटली की वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली कंपनी इवेको समूह को 3.8 अरब यूरो में खरीदने की घोषणा की थी। इसमें कंपनी का रक्षा कारोबार शामिल नहीं था।
चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘कंपनी का कारोबार कई देशों में फैला है। ऐसे में इतने बड़े सौदे के लिए कई जरूरी नियामकीय मंजूरियों की जरूरत होती है।’’
उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स को इनमें से ज्यादातर मंजूरियां मिल गई हैं और बाकी पर भी तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही तक इस सौदे को पूरा करने की उम्मीद कर रहे हैं।’’
चंद्रशेखरन ने कहा कि इवेको को खरीदने से कंपनी को अत्याधुनिक इंजन और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियां मिलेंगी।
इसके अलावा, इससे अलग-अलग देशों में टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों के लिए बेहतर उत्पाद क्षमता और मौजूदगी को और बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित सौदे से कंपनी बदलती परिवहन जरूरतों के हिसाब से अधिक प्रतिस्पर्धी होने के साथ अलग-अलग बाजारों में सेवा दे पाएगी।
भाषा रमण अजय
अजय