पाकिस्तान के हवाई हमलों में अफग़ानिस्तान में 36 नागरिक मारे गए, 160 घायल

Ads

पाकिस्तान के हवाई हमलों में अफग़ानिस्तान में 36 नागरिक मारे गए, 160 घायल

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 03:48 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 03:48 PM IST

काबुल (अफगानिस्तान), 29 जून (एपी) पाकिस्तानी सेना की ओर से रविवार रात किए गए हवाई हमलों में कम से कम 36 नागरिकों की मौत हो गई और 160 से अधिक लोग घायल हो गए। अफगानिस्तान के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रविवार देर रात अफगानिस्तान सीमा पर जमीनी कार्रवाई की और आतंकवादियों के ठिकानों पर हमले किए, जिनमें 29 आतंकवादी मारे गए।

पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई देश में हाल में हुए आतंकी हमलों के जवाब में की गई।

वहीं अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी निंदा की और इन्हें कायरतापूर्ण आक्रामकता और बर्बरता का कृत्य बताया।

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने पक्तिया प्रांत के चमकनी जिले में एक घर को निशाना बनाया, जिसमें एक बुजुर्ग और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि जब ग्रामीण घायलों को बचाने के लिए वहां पहुंचे तो उसी क्षेत्र पर दोबारा हमला किया गया, जिसमें 28 ग्रामीणों की मौत हो गई और 158 लोग घायल हो गए।

फितरत के अनुसार, पक्तिका प्रांत के गियान जिले के एक गांव में एक अन्य घर पर किए गए हमले में छह लोगों की मौत हो गई। इनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे।

उन्होंने यह भी बताया कि कुनार प्रांत में एक आम आदमी के घर पर भी हमला हुआ। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन करीब 30 पशु मारे गए।

हाल के वर्षों में पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों पर आतंकी हमलों में काफी वृद्धि हुई है। पाकिस्तान इन हमलों के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और उससे जुड़े अन्य आतंकी संगठनों को जिम्मेदार ठहराता है।

पाकिस्तान की यह सैन्य कार्रवाई कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले के बाद हुई। इस हमले में तीन सैनिक मारे गए थे। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन हमलावरों को मार गिराया जबकि एक घायल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान अफगान नागरिक के रूप में की गई है।

इस हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है, जो टीटीपी से अलग हुआ गुट है।

एपी शोभना अविनाश

अविनाश