इक्सिगो स्पेन के ट्रेन बुकिंग मंच ‘ट्रेनेस’ का 125 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी

Ads

इक्सिगो स्पेन के ट्रेन बुकिंग मंच ‘ट्रेनेस’ का 125 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 04:24 PM IST

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) यात्रा बुकिंग पोर्टल इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग मंच ‘ट्रेनेस’ में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी का 1.17 करोड़ यूरो (लगभग 125 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण करने संबंधी बाध्यकारी समझौते को मंजूरी दे दी है।

इक्सिगो का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहण है। ट्रेनेस मंच का संचालन करने वाली कंपनी ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस में नियंत्रक हिस्सेदारी का अधिग्रहण इक्सिगो के लिए यूरोप के बाजार में रणनीतिक प्रवेश का मार्ग प्रशस्त करता है।

इक्सिगो ने एक बयान में कहा, ‘इस निवेश से ‘ट्रेनेस’ मंच के मजबूत ग्राहक आधार और स्थानीय रेल सेवा प्रदाताओं के साथ उसके जुड़ाव को इक्सिगो के एआई-आधारित नवाचार और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता के साथ जोड़कर बेहतर तालमेल बनाने की उम्मीद है।’

कंपनी ने बताया कि इस अधिग्रहण के साथ उसका लक्ष्य यूरोप में विकास के नए अवसरों को तलाशने के लिए ट्रेनेस के उत्पाद विकास को गति देना, उसे कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी से लैस करना और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना है।

शेयर बाजार को दी गई सूचना के मुताबिक, इस अधिग्रहण के बाद ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस एस.एल. कंपनी इक्सिगो के एक अनुषंगी बन जाएगी।

इसके अलावा इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन की एक अन्य कंपनी ‘स्क्वाड एज सर्विस’ (स्कास) में भी 45.02 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है। यह सौदा 4.5 लाख यूरो (करीब 4.83 करोड़ रुपये) में तय हुआ है।

इन दोनों कंपनियों को खरीदने के लिए दी जाने वाली कुल राशि में ‘गैर-प्रतिस्पर्धा’ शुल्क भी शामिल है। हालांकि, यह पूरा सौदा स्पेन में कानूनी प्रक्रियाओं और वहां की नियामक संस्थाओं की अनुमति मिलने के बाद ही पूरा होगा।

भाषा सुमित प्रेम

प्रेम

शीर्ष 5 समाचार