नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) जियोस्टार के स्वामित्व वाले ओटीटी मंच जियोहॉटस्टार ने बुधवार को ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर में अपनी सेवाएं शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने 12 से अधिक भाषाओं में 1.60 लाख घंटे से अधिक की सामग्री के साथ वैश्विक मनोरंजन मंच बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
पचास करोड़ से अधिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं वाले जियोहॉटस्टार का अंतरराष्ट्रीय विस्तार दर्शकों को व्यक्तिगत सुझावों, संवादात्मक सुविधाओं और कई सदस्यता विकल्पों के जरिये मनोरंजन सामग्री खोजने और उससे जुड़ने का नया अनुभव देगा।
कंपनी ने बयान में कहा कि मंच इन बाजारों में दक्षिण एशियाई प्रवासियों को लक्षित करेगा और व्यापक वैश्विक दर्शकों को भी आकर्षित करेगा। इन बाजारों में हर साल 30,000 घंटे से अधिक नई सामग्री जोड़ी जाएगी।
इसमें नए मूल कार्यक्रम, लोकप्रिय फ्रेंचाइजी और टेलीविजन की व्यापक सामग्री शामिल होगी।
जियोस्टार के अंतरराष्ट्रीय कारोबार प्रमुख अमित मल्होत्रा ने कहा, ‘‘स्ट्रीमिंग मंच ने पिछले दशक में अपनी सामग्री के आधार पर प्रतिस्पर्धा की है। हमारा मानना है कि अब बड़ा अवसर यह है कि दर्शक मनोरंजन का अनुभव किस तरह करते हैं, उसे नए सिरे से परिभाषित किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि दक्षिण एशियाई दर्शकों का विभिन्न भाषाओं, पीढ़ियों और परिवारों में भारतीय मनोरंजन से गहरा जुड़ाव है। साथ ही, दुनियाभर के दर्शक अपने से अलग कहानियों और संस्कृतियों को भी तेजी से देखना चाहते हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि कंपनी इस व्यापक और कम सेवा वाले वैश्विक दर्शक वर्ग के लिए मंच तैयार करने का अवसर देखती है। न कि केवल भारतीय स्ट्रीमिंग सेवा को नए बाजारों में ले जाने का।
भाषा अजय
अजय