नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) टाटा समूह की ब्रिटेन स्थित लक्जरी कार कंपनी जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने सोमवार को कहा कि वह अगले दो वर्षों में अपने वैश्विक कार्यबल में लगभग 4,000 पदों की कटौती करेगी।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ने कहा कि वह अगले दो साल में करीब 1.7 अरब पाउंड की बचत करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे कंपनी अपने कारोबार के लाभ-हानि संतुलन स्तर को घटाकर करीब 3,00,000 इकाइयों तक लाने में सक्षम होगी।
जेएलआर में इस समय वैश्विक स्तर पर 43,000 लोग काम कर रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि बचत की यह योजना बढ़ती प्रतिस्पर्धा, तेजी से बदलते बाजारों और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच तैयार की गई है।
इस योजना के तहत संगठनात्मक जटिलता को कम किया जाएगा। इससे अगले पांच वर्षों के दौरान विद्युतीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, उन्नत विनिर्माण और बेहतर ग्राहक अनुभवों में 15 से 18 अरब पाउंड के निवेश को समर्थन मिलेगा।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने शेयर बाजार को बताया, ”इसके चलते जेएलआर अगले दो वर्षों में अपने वैश्विक कार्यबल में लगभग 4,000 पदों की कटौती करेगी। इस कटौती से प्रत्यक्ष विनिर्माण से जुड़ी नौकरियों पर कोई असर पड़ने की आशंका नहीं है, और जहां भी संभव होगा इसे स्वैच्छिक माध्यमों से लागू किया जाएगा।”
भाषा पाण्डेय योगेश
योगेश
योगेश