जेएम फाइनेंशियल का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 50 प्रतिशत बढ़कर 313 करोड़ रुपये पर
जेएम फाइनेंशियल का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 50 प्रतिशत बढ़कर 313 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) वित्तीय सेवा प्रदाता कंपनी जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 50 प्रतिशत बढ़कर 313 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के कॉरपोरेट परामर्श, पूंजी बाजार और निजी व्यवसाय खंड के मजबूत प्रदर्शन से लाभ में यह बढ़ोतरी हुई है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 209 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों का विवरण साझा किया।
चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर 2025) में जेएम फाइनेंशियल का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 69 प्रतिशत बढ़कर 1,037 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आलोच्य अवधि में कंपनी का एकीकृत नेटवर्थ भी 17 प्रतिशत बढ़कर 10,418 करोड़ रुपये रही।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की शुल्क और कमीशन से होने वाली आय सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 306 करोड़ रुपये हो गई। दिसंबर, 2024 तिमाही की तुलना में परिचालन शुद्ध लाभ भी 17 प्रतिशत बढ़कर 244 करोड़ रुपये रहा।
जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (एमडी) विशाल कंपानी ने बयान में कहा, ‘हमने पहले नौ महीनों में 1,000 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ के आंकड़े को पार कर लिया है। विभिन्न व्यवसायों में हमारी रणनीतियों का सटीक कार्यान्वयन और ऋण वसूली में मजबूती हमारे कारोबार को मजबूती दे रही है।’
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


