नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली पारेषण क्षेत्रों के लिए इंजीनियरिंग इस्पात उत्पाद बनाने वाली कंपनी करमतारा इंजीनियरिंग लिमिटेड नौ सितंबर को 875 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने जा रही है।
कंपनी ने शुक्रवार को सार्वजनिक घोषणा में कहा कि आईपीओ के लिए 241-254 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया है। इससे कंपनी का मूल्यांकन 7,790 करोड़ रुपये से 8,174 करोड़ रुपये के बीच बैठता है।
आईपीओ में 675 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 200 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) होगी।
कंपनी का पहला सार्वजनिक निर्गम 11 सितंबर को बंद होगा, जबकि एंकर (बड़े) निवेशकों के लिए बोली आठ सितंबर को होगी।
करमतारा इंजीनियरिंग घरेलू और विदेशी बाजारों के लिए कई तरह के इंजीनियरिंग इस्पात उत्पाद बनाती है। इनमें बिजली पारेषण लाइन के टावर, सौर ऊर्जा ढांचे और ट्रैकर के कलपुर्जे, पवन ऊर्जा ढांचे, ढांचागत इस्पात प्रोफाइल और फास्टनर शामिल हैं।
आईपीओ से पहले कंपनी में संस्थागत और व्यक्तिगत निवेशकों से जुड़े कई प्राथमिक और द्वितीयक निवेश हुए हैं।
निजी इक्विटी कंपनी अमारा पार्टनर्स ने जुलाई में कंपनी में 75 करोड़ रुपये का निवेश किया था। इससे पहले, जनवरी 2025 में कंपनी ने आईपीओ के लिए प्रारंभिक मसौदा दस्तावेज दाखिल करने से पहले 307 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस दौर में रंजन पई समर्थित एमएनआई वेंचर्स, मधुसूदन केला के नेतृत्व वाली सिंगुलैरिटी तथा उद्योग जगत के वरिष्ठ निवेशक उत्पल शेठ और गौरव त्रेहन शामिल थे।
इसके अलावा 164 करोड़ रुपये के एक सौदे में अभिनेता आमिर खान और रणबीर कपूर, क्रिकेटर रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह तथा फिल्म निर्माता करण जौहर जैसे निवेशकों ने कंपनी में हिस्सेदारी खरीदी।
भाषा योगेश रमण
रमण