तिरुवनंतपुरम, दो सितंबर (भाषा) केरलम के महिला नेतृत्व वाले गरीबी उन्मूलन मिशन कुदुम्बश्री ने 20 से 25 अगस्त तक राज्यभर में आयोजित ओणम विपणन पहलों के जरिये 44.89 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राज्य में पिछले साल ओणम के दौरान दर्ज 40.44 करोड़ रुपये के कारोबार की तुलना में इस बार 4.45 करोड़ रुपये अधिक का कारोबार हुआ।
अधिकारियों ने बयान में कहा कि कुल कारोबार में 27.01 करोड़ रुपये ओणम बिक्री मेलों से, 2.64 करोड़ रुपये ओणम भोज से, 5.17 करोड़ रुपये चावल और आवश्यक खाद्य सामग्री सहित विभिन्न वस्तुओं वाले ओणम किट की बिक्री से तथा 10.07 करोड़ रुपये फूल एवं सब्जियों की बिक्री से प्राप्त हुए।
अधिकारियों ने कहा कि ओणम विपणन मेलों से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिले और साथ ही कुदुंबश्री के उद्यमियों तथा किसानों के लिए बेहतर बिक्री अवसर भी पैदा हुए।
केरलम में 26 अगस्त को शुभ ‘तिरुवोनम’ मनाया गया। यह केरलम के सबसे बड़े सांस्कृतिक उत्सव ओणम का दसवां एवं सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है।
भाषा मनीषा निहारिका
निहारिका