लैम रिसर्च भारत में स्थापित करेगी सिलिकॉन कलपुर्जा विनिर्माण इकाई, 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
लैम रिसर्च भारत में स्थापित करेगी सिलिकॉन कलपुर्जा विनिर्माण इकाई, 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) सेमीकंडक्टर उपकरण बनाने वाली कंपनी लैम रिसर्च ने भारत में अपनी पहली सिलिकॉन कलपुर्जा विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए करीब 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका की कंपनी ने बयान में कहा कि नयी विनिर्माण इकाई उन्नत सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकियों और अत्याधुनिक नोड्स के लिए सिलिकॉन इंगट के उत्पादन और प्रसंस्करण की एकीकृत प्रक्रिया को समर्थन देगी।
बयान में कहा गया, ‘‘लैम रिसर्च कॉरपोरेशन.. देश में अपनी पहली सिलिकॉन कलपुर्जा विनिर्माण इकाई स्थापित करने और अपने उन्नत अनुसंधान एवं विकास (आरएंडी) कार्यों को बढ़ाने के लिए लगभग 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।’’
कंपनी ने कहा कि आरएंडडी गतिविधियों का विस्तार लैम के भारत में इंजीनियरिंग केंद्र को अधिक मजबूत करेगा।
लैम रिसर्च इंडिया के कॉरपोरेट उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रंगेश राघवन ने कहा, ‘‘भारत में कंपनी का लगातार विस्तार देश की प्रतिभा, बढ़ते सेमीकंडक्टर परिवेश और अनुकूल नीतिगत माहौल में उसके भरोसे को दर्शाता है। हम सरकार, शिक्षण संस्थानों, आपूर्तिकर्ताओं, स्टार्टअप और अन्य हितधारकों के साथ सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में ऐसे नवाचार को गति दी जा सके, जिससे दुनियाभर के उद्योगों को लाभ मिले।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


