(LPG Cylinder Booking/ Image Credit: ANI News)
नई दिल्ली: LPG Cylinder Booking: एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और सप्लाई को लेकर केंद्र सरकार ने नया अपडेट जारी किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ किया है कि देशभर में गैस सिलेंडर की उपलब्धता पूरी तरह स्थिर है और कहीं भी कमी की कोई स्थिति नही है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर न खरीदें और जिम्मेदारी के साथ गैस का उपयोग करें। सरकार लगातार डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि हर घर तक आसानी से सप्लाई होती रहे।
सरकार ने एलपीजी बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा दिया है। अब करीब 95% उपभोक्ता IVRS, SMS, व्हाट्सऐप और मोबाइल ऐप जैसे ऑनलाइन तरीकों से सिलेंडर बुक कर रहे हैं। इससे न सिर्फ बुकिंग प्रक्रिया आसान हुई है, बल्कि गैस एजेंसियों पर भीड़ भी कम हुई है। मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि वे इन सुविधाजनक डिजिटल माध्यमों का ही उपयोग करें, जिससे सेवा और अधिक तेज और सुचारू बनी रहे।
देश की प्रमुख गैस कंपनियां अपने ग्राहकों को कई आसान बुकिंग विकल्प दे रही हैं। भारत पेट्रोलियम (भारत गैस), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP गैस) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (इंडेन) ने व्हाट्सऐप, मिस्ड कॉल, IVRS, मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए बुकिंग की सुविधा दी है। इससे उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी माध्यम से आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
इंडेन गैस ने 5 किलो के छोटे सिलेंडर की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिसे बिना एड्रेस प्रूफ के लिया जा सकता है। यह खासतौर पर छात्रों, कामकाजी युवाओं और प्रवासी मजदूरों के लिए उपयोगी है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना चिंता गैस का उपयोग जारी रखें।
वहीं भारत पेट्रोलियम (भारत गैस) भी 5 किलो के मिनी सिलेंडर की सुविधा दे रहा है, लेकिन इसके लिए वैध पहचान पत्र (ID Proof) जरूरी है। ग्राहक नजदीकी वितरक से यह सिलेंडर ले सकते हैं। खास बात यह है कि सिलेंडर को 5 साल के भीतर लौटाने पर 50% तक रिफंड भी मिलता है। कंपनी ने भी स्पष्ट किया है कि सप्लाई सामान्य है और किसी तरह की घबराने की जरूरत नहीं है।