LPG Delivery Latest News: LPG ग्राहकों को अब नहीं करना पड़ेगा इंतजार, महज इतने देर में घर पहुंचेगा सिलेंडर, इस कंपनी ने लागू की ये शानदार सुविधा

LPG ग्राहकों को अब नहीं करना पड़ेगा इंतजार, महज इतने देर में घर पहुंचेगा सिलेंडर, LPG Delivery Latest News

LPG Delivery Latest News: LPG ग्राहकों को अब नहीं करना पड़ेगा इंतजार, महज इतने देर में घर पहुंचेगा सिलेंडर, इस कंपनी ने लागू की ये शानदार सुविधा
Modified Date: August 8, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: August 8, 2026 10:07 pm IST

नई दिल्ली। LPG सिलेंडर की बुकिंग के बाद डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। इंडियनऑयल ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ नाम से नई सेवा शुरू की है। इसके तहत ग्राहकों को 10 किलोग्राम क्षमता वाला हल्का कंपोजिट LPG सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी के अनुसार, इस सेवा में बुकिंग के कुछ घंटों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी करने का प्रयास किया जाएगा।

स्टील सिलेंडर से हल्का और पारदर्शी

‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ के तहत मिलने वाला 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का है। इसकी बॉडी जंगरोधी सामग्री से तैयार की गई है। सिलेंडर का पारदर्शी डिजाइन इसकी खासियत है, जिससे ग्राहक बाहर से ही यह देख सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। कम सदस्यों वाले परिवारों और कम LPG खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए यह सिलेंडर सुविधाजनक हो सकता है। हल्का होने के कारण इसे उठाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में भी आसानी होगी।

तीन से चार घंटे में डिलीवरी का दावा

कंपनी के मुताबिक, इस सेवा में बुकिंग के बाद करीब 3 से 4 घंटे के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचाने का दावा किया गया है। उदाहरण के तौर पर, यदि सुबह 7 बजे बुकिंग की जाती है तो करीब 10 बजे तक डिलीवरी किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, वास्तविक डिलीवरी समय स्थानीय उपलब्धता और सेवा क्षेत्र पर निर्भर करेगा।

इन माध्यमों से कर सकेंगे बुकिंग

ग्राहक नए कनेक्शन और LPG रिफिल के लिए डिजिटल माध्यमों से बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए IndianOil ONE ऐप, IndianOil Customer Portal और WhatsApp नंबर 7588888824 का इस्तेमाल किया जा सकता है। डिजिटल बुकिंग के साथ ट्रैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

चुनिंदा स्थानों पर मिलेगी सुविधा

इंडियनऑयल के अनुसार, ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ सेवा इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क और चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। यानी यह सुविधा फिलहाल हर स्थान पर उपलब्ध होना जरूरी नहीं है। ग्राहकों को अपने क्षेत्र में सेवा की उपलब्धता की जांच करनी होगी। नई सेवा का उद्देश्य हल्के और आधुनिक LPG सिलेंडर के साथ ग्राहकों को तेज डिलीवरी और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराना है।


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।