नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो की अनुषंगी कंपनी एलएंडटी रियल्टी प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने इंटरनेशनल ग्रीन स्केप्स लिमिटेड (आईजीएसएल) में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की सोमवार को घोषणा की।
इस सौदे से गुरुग्राम में करीब 20 एकड़ भूमि रियल एस्टेट विकास के लिए उपलब्ध हो गई है।
यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के छोटे बाजार में एलएंडटी रियल्टी प्रॉपर्टीज लिमिटेड का पहला भूमि अधिग्रहण है। इसमें करीब 36 लाख वर्ग फुट के विकास की क्षमता है।
लार्सन एंड टुब्रो ने 10 अप्रैल को बताया था कि उसने आईजीएसएल में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए 1,123 करोड़ रुपये में शेयर खरीद एवं शेयरधारक समझौता किया है।
कंपनी के अनुसार, इस अधिग्रहण से एलएंडटी रियल्टी प्रॉपर्टीज को आईजीएसएल के स्वामित्व वाली भूमि का उपयोग कर अपने रियल एस्टेट विकास खंड का विस्तार और सुदृढ़ीकरण करने में मदद मिलेगी।
एलएंडटी रियल्टी प्रॉपर्टीज ने 13 अप्रैल 2026 को इस अधिग्रहण को पूरा कर लिया।
एनसीआर में यह भूमि अधिग्रहण ऐसे समय में हुआ है जब भारत के तेजी से शहरीकरण वाले शहरों में प्रीमियम आवास और वाणिज्यिक स्थानों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इससे एलएंडटी के रियल एस्टेट खंड को मजबूती मिलेगी।
भाषा निहारिका
निहारिका