एलटीएम के सीईओ वेणुगोपाल लाम्बू को मिला 27.26 करोड़ रुपये पारिश्रमिक

एलटीएम के सीईओ वेणुगोपाल लाम्बू को मिला 27.26 करोड़ रुपये पारिश्रमिक

एलटीएम के सीईओ वेणुगोपाल लाम्बू को मिला 27.26 करोड़ रुपये पारिश्रमिक
Modified Date: May 8, 2026 / 09:40 pm IST
Published Date: May 8, 2026 9:40 pm IST

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) एलटीआईमाइंडट्री (अब एलटीएम लिमिटेड) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक वेणुगोपाल लाम्बू को वित्त वर्ष 2025-26 में पारिश्रमिक के तौर पर कुल 27.26 करोड़ रुपये मिले। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है।

लाम्बू ने 31 मई, 2025 को लार्सन एंड टुब्रो समूह की इस कंपनी का कार्यभार संभाला था। इस तरह वित्त वर्ष 2025-26 में उनका 10 महीने का कार्यकाल रहा जिसके लिए उन्हें 12 करोड़ रुपये का निश्चित वेतन और 11.98 करोड़ रुपये का परिवर्तनीय वेतन (वेरिएबल पे) मिला। इसके अलावा, शेयर विकल्पों के उपयोग से उन्हें 3.26 करोड़ रुपये के परिलाभ भी प्राप्त हुए।

वहीं, कंपनी के पूर्व सीईओ देवाशीष चटर्जी ने सेवानिवृत्ति से पहले वित्त वर्ष में दो महीने तक सेवा दी थी और उन्हें कुल 15.75 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक मिला। उनके अंतिम भुगतान का 12.18 करोड़ रुपये के शेयर विकल्पों से संबंधित परिलाभ था।

वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, लाम्बू का पारिश्रमिक कंपनी के कर्मचारियों के औसत वेतन का 158.4 गुना रहा, जबकि चटर्जी का पारिश्रमिक 91.55 गुना था। कंपनी में कर्मचारियों का औसत वार्षिक वेतन वित्त वर्ष 2025-26 में 17,21,230 रुपये रहा।

कंपनी ने बताया कि पात्र कर्मचारियों के वेतन में वैश्विक स्तर पर औसतन 5.44 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसमें भारत में 6.54 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय परिचालनों में 2.78 प्रतिशत की बढ़ोतरी शामिल है।

कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ जनवरी-मार्च तिमाही में 23.37 प्रतिशत बढ़कर 1,392.3 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले की समान तिमाही में 1,128.8 करोड़ रुपये था।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 9.12 प्रतिशत बढ़कर 5,018.1 करोड़ रुपये रहा, जबकि परिचालन आय 11.31 प्रतिशत बढ़कर 42,307.6 करोड़ रुपये हो गई।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में