मुंबई, 19 मई (भाषा) एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार को खर्च कम करने और महंगाई से नागरिकों को संरक्षण देने के लिए शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे और मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन जैसी बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को टाल देना चाहिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए पवार ने कहा कि इन परियोजनाओं को एक साल के लिए धीमा करने से राज्य का खर्च कम होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘आज शक्तिपीठ मार्ग की जरूरत नहीं है। इस पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च करने के बजाय, सरकार मेट्रो रेल के काम और बुलेट ट्रेन परियोजना को एक साल के लिए धीमा करके खर्च कम कर सकती है।’’
उन्होंने कहा कि अगर सरकार खर्च कम करना चाहती है, तो उसे इस तरह के बड़े खर्च कम करने चाहिए और यह पक्का करना चाहिए कि आम लोगों को बचत के उपायों से परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में राजनीतिक पार्टियों को राज्य को चुनौतियों से निपटने में मदद करने के लिए एक साथ आना चाहिए।
पवार ने कहा कि एनसीपी (एसपी) प्रमुख, शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा था कि अगर देश मुश्किलों का सामना कर रहा है तो मिलकर काम करें।
किसानों के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि कई किसान पुराने बकाया के कारण बैंकों से नया ऋण नहीं ले पा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसानों को मॉनसून से पहले पैसा नहीं मिला, तो बुवाई पर असर पड़ेगा। अगर बुवाई और खेती में बड़े पैमाने पर दिक्कतें आती हैं, तो संकट और बढ़ सकता है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय