महाराष्ट्र के युवाओं को वैश्विक रोजगार अवसरों का लाभ उठाने के लिए नए कौशल सीखने होंगे: फडणवीस
महाराष्ट्र के युवाओं को वैश्विक रोजगार अवसरों का लाभ उठाने के लिए नए कौशल सीखने होंगे: फडणवीस
मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि 28 से अधिक देशों में कुशल श्रमबल की बढ़ती मांग के बीच राज्य सरकार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
फडणवीस ने कोंकण और नासिक संभाग के सभी जिलों में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा रोजगार मेले’ के उद्घाटन के अवसर कहा कि देश के युवाओं को रोजगार योग्य बनाने के लिए शिक्षा को कौशल विकास, प्रशिक्षण तथा रोजगार से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा, ‘‘केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। एआई (कृत्रिम मेधा), सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुरूप लगातार कौशल बढ़ाना तथा नए कौशल हासिल करना समय की जरूरत है।’’
रोजगार उपलब्ध कराने के मकसद से यह अभियान मुंबई में श्रीमती नाथीबाई दामोदर ठाकरसी (एसएनडीटी) महिला विश्वविद्यालय में फडणवीस की मौजूदगी में ऑनलाइन शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार तीन आवश्यक स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले कुशल श्रमबल की तलाश कर रहे उद्योगों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के बीच एक कड़ी का काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि कोंकण और नासिक संभाग में 418 स्थानों पर एक साथ रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके लिए एक लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि उनका विभाग कौशल विकास विभाग के साथ मिलकर स्नातकों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर काम कर रहा है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


