उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी में 6,500 करोड़ रुपये के समझौतों पर हस्ताक्षर: फियो
उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी में 6,500 करोड़ रुपये के समझौतों पर हस्ताक्षर: फियो
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी के दौरान करीब 6,500 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। निर्यातकों के शीर्ष निकाय फियो ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी (यूपीआईटीएस) का चौथा संस्करण 25 सितंबर को शुरू होकर मंगलवार को समाप्त हुआ।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स (फियो) ने एक बयान में कहा, ‘‘कार्यक्रम के दौरान करीब 68 करोड़ डॉलर (लगभग 6,500 करोड़ रुपये) मूल्य के 4,400 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा, व्यापार मेले के दौरान मिली कारोबारी पूछताछ के आधार पर करीब 15,500 करोड़ रुपये के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया है।’’
इस मेले में छह देश…रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम…भागीदार देश थे।
फियो ने कहा कि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने उत्तर प्रदेश के विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और कृषि-खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में गहरी रुचि दिखाई है।
फियो के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा, ‘‘यूपीआईटीएस के चौथे संस्करण ने वैश्विक बाजार से जुड़ने की राज्य के एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम), निर्यातकों, विनिर्माताओं और कारीगरों की क्षमता को दिखाया है। यह बताता है कि राज्य में निर्यात की काफी संभावनाएं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे मंच बाजार तक पहुंच बढ़ाने, टिकाऊ अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने और भारत के निर्यात में तेजी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।’’
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


