महिंद्रा ने ब्लेजो आई-टीआरके ट्रक पेश किया

Ads

महिंद्रा ने ब्लेजो आई-टीआरके ट्रक पेश किया

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 12:47 AM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 12:47 AM IST

जयपुर, 24 अगस्त (भाषा) महिंद्रा ट्रक एंड बस ने सोमवार को भारी वाणिज्यिक वाहन ब्लेजो आई-टीआरके पेश किया। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्वचालित ड्राइव मोड और 320 हॉर्सपावर का इंजन दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह ट्रक ईंधन दक्षता में 10 प्रतिशत तक सुधार कर सकता है।

कंपनी के अनुसार, ईंधन की बचत और परिचालन दक्षता में सुधार के जरिए यह नया ट्रक पांच साल में प्रति वाहन 15 लाख रुपये तक अतिरिक्त लाभ दिला सकता है।

ब्लेजो आई-टीआरके शृंखला में महिंद्रा का 7.2 लीटर एमपावर इंजन लगाया गया है, जो 320 हॉर्सपावर की शक्ति और 1100 न्यूटन मीटर टॉर्क देता है।

ट्रक में कंपनी का पेटेंट कराया हुआ एआई आधारित आईफ्यूलस्मार्ट स्वचालित ड्राइव मोड है। यह सड़क की ढलान, वाहन पर लदे भार और ड्राइविंग जरूरतों का लगातार विश्लेषण कर ईंधन दक्षता बढ़ाने के लिए अपने आप उपयुक्त ड्राइविंग मोड का चयन करता है।

महिंद्रा ट्रक एंड बस के अध्यक्ष विनोद सहाय ने कहा कि भारत का माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां तकनीक, विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता प्रतिस्पर्धा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य केवल बेहतर ट्रक बनाना नहीं है, बल्कि नवाचार और मजबूत ग्राहक साझेदारी के जरिए वाणिज्यिक परिवहन के भविष्य को आकार देना है।’’

भाषा बाकोलिया आशीष

आशीष